देर रात सीने में उठा था दर्द, अस्पताल पहुंचने के बाद भी नहीं बची जान; सुदिव्य सोनू के निधन से सदमे में झारखंड।
SHIKHAR DARPANSunday, September 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर है।मंत्री के सुरक्षा प्रभारी विक्रम पासवान के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे सुदिव्य कुमार सोनू ने सीने में दर्द की बात कही थी। जिसके बाद उनकी पत्नी ने उन्हें डॉक्टर के पास चलने और अस्पताल जाने की बात कही, लेकिन उन्होंने गैस की समस्या बताते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।
इसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए मर्सी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली। सुरक्षा प्रभारी विक्रम पासवान मंत्री को बचा नहीं पाने को लेकर बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वह मंत्री के सबसे करीब रहते थे, लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस घटना को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। मंत्री के निधन से राजनीतिक गलियारे के साथ-साथ गिरिडीह और पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।