Type Here to Get Search Results !

पुलिस द्वारा युवक की पिटाई का मामला पकड़ा तूल, 25 वर्षीय युवक ICU में भर्ती।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय युवक लखन साव के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में घायल लखन साव को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में शिफ्ट किया है।पीड़ित के अनुसार, वह ऑर्बिट होटल के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान नगर थाना के पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि पुलिस उसकी बाइक भी थाना ले गई। बाइक छुड़ाने जब वह नगर थाना पहुंचा, तो थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।

लखन का दावा है कि कथित मारपीट के बाद वह थाना परिसर में ही गिर गया, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।घटना के बाद पीड़ित की मां और बहन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने भी घटना की जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।इधर, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें युवक के साथ कथित मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.