गिरिडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथी दुकानदारों ने जताया विरोध।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर में मंगलवार को नगर निगम ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत गांधी चौक से बड़ा चौक तक सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे हटाए गए तथा सड़क पर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारियों और फुटपाथी दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
उनका कहना था कि पहले नगर निगम उन्हें स्थायी स्थान उपलब्ध कराए, उसके बाद वे अपनी दुकानों को वहां स्थानांतरित कर देंगे। दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि शाम के समय सड़क किनारे लगने वाली फास्ट फूड और चाट की दुकानों पर कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि दिन में छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।