Type Here to Get Search Results !

फॉरवर्ड ब्लॉक की टीम पहुंची खनडीहा, दिलीप दास के परिजनों और ग्रामीणों से की मुलाकात//पीड़ित परिवार को सहायता और रोजगार के लिए अभियान शुरू करने का ऐलान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की एक टीम ने आज पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव की अगवाई में सदर प्रखंड के खनडीहा जाकर पिछले दिनों सीपी साइडिंग में हुई घटना में मारे गए दिलीप दास के परिजनों सहित स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। संगठन ने इस घटना के प्रति जहां दुख व्यक्त किया, वहीं मृतक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को सांत्वना दी। श्री यादव ने इस अवसर पर कहा कि, इस तरह की घटनाओं के पीछे असली वजह स्थानीय गरीबों की बेरोजगारी है। सीसीएल या केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जिनकी जमीन गई उन्हें रोजगार का कोई जरिया नहीं मिला। आज भी यहां के अधिकांश गरीब कोयला चुनकर बेचने पर ही निर्भर हैं, जिन्हें बड़ी आसानी से कोयला चोर कह दिया जाता है।

कहा कि, यदि इनके लिए रोजगार की कोई वैकल्पिक व्यवस्था हो, तो कोयला चुनने की कोई जरूरत ही नहीं पड़ेगी। कहा कि, इसके लिए सरकार तथा सीसीएल को नीति बनानी होगी। रैक लोडिंग के काम में पूरी तरह से मजदूरों को लगाकर इसका एक विकल्प तैयार किया सकता है। इसके लिए स्थानीय लोगों को ही संगठित होकर आंदोलन करना होगा। उनका संगठन इस हेतु अभियान की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उनके लिए पर्याप्त भरण पोषण की व्यवस्था सहित स्थानीय लोगों के रोजगार के लिए नीति बनाकर लागू करने की मांग करते हुए इसके लिए एक अभियान शुरू करने का ऐलान किया। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्टी नेता संजय चौधरी एवं मनोज यादव सहित स्थानीय महिला-पुरुष बड़ी तादाद में मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.