Type Here to Get Search Results !

कौशल विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में कौशल विकास एवं श्रम विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं, रोजगार सृजन कार्यक्रमों, श्रमिक कल्याण योजनाओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं एवं श्रमिकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु प्रभावी पहल करने पर जोर दिया। साथ ही प्रशिक्षण केंद्रों की गुणवत्ता, प्रशिक्षण उपरांत प्लेसमेंट तथा योजनाओं की वास्तविक प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

बैठक में श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने असंगठित श्रमिकों के निबंधन कार्य में तेजी लाने, श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जाए। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक श्रमायुक्त प्रवीण कुमार, श्रम अधीक्षक, दीपिका कुमारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.