दिल्ली की गर्जना रैली में शामिल होने गिरिडीह से रवाना हुए 200 से अधिक आदिवासी समाज के लोग।
SHIKHAR DARPANFriday, May 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 24 मई को आयोजित होने वाली “गर्जना रैली” में शामिल होने के लिए शुक्रवार को गिरिडीह से 200 से अधिक आदिवासी समाज के लोग रवाना हुए। गिरी बनवासी कल्याण परिषद, संथाल परगना दुमका के बैनर तले निकला यह जत्था शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा संघ से जुड़े कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। परिषद के जिला अध्यक्ष बिनोद केसरी ने बताया कि दुमका से विशेष ट्रेन चलाई गई है, जिसके माध्यम से झारखंड के आठ जिलों के करीब 1600 लोग दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि रैली का मुख्य मुद्दा “डी-लिस्टिंग” है।
परिषद का कहना है कि धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षण का लाभ दिए जाने के विषय पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से आंदोलन चलाया जा रहा है और रैली के माध्यम से केंद्र सरकार तक आदिवासी समाज की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। दिल्ली रवाना होने वाले जत्थे में युवा, महिलाएं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक नारों के साथ लोगों ने दिल्ली कूच किया। आयोजकों का दावा है कि यह रैली आदिवासी समाज के अधिकार, पहचान और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगी। इस अवसर पर आरएसएस के प्रदेश सेवा प्रमुख मुकेश सिंह, जिला प्रचारक निरंजन, नगर कार्यवाहक शिव गौरव, वनवासी ग्रीष्म भक्त, नीलकंठ मल्लाह, रामलाल मुर्मू, प्रिया, प्रीति एवं कैलाश महतो मौजूद रहे।