Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विशेष अभियान में 104 अभियुक्त गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से एक विशेष समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देश पर 14 मई से 20 मई 2026 तक चले इस सघन अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस ने कुल 104 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूर्व से लंबित विभिन्न मामलों में 25 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए 79 वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों को निष्पादित करने पर भी विशेष जोर दिया। इस दौरान कुल 389 वारंट और 10 कुर्की का सफल निष्पादन किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों और वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है।संपत्ति मूलक अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने चोरी, लूट, डकैती, गृहभेदन और ठगी जैसे मामलों से जुड़े 275 अपराधियों एवं संदिग्धों का भौतिक सत्यापन भी किया। पुलिस ने उनके वर्तमान गतिविधियों और रहन-सहन की जानकारी जुटाकर निगरानी बढ़ाने का कार्य किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरिडीह पुलिस जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि आम लोगों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.