गिरिडीह के रानी तालाब में मिला मछुआरे का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 17, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचम्बा थाना क्षेत्र के दुर्गा स्थान रानी तालाब सोमवार को उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया, जब तालाब में एक मछुआरे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही शव देखा, पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।मृतक की पहचान परसाटांड मल्लाह टोला निवासी करीब 35 वर्षीय बैंगा मल्लाह के रूप में हुई है। बैंगा पेशे से मछुआरा था और रोजाना की तरह वह तालाब की ओर गया था। बताया जाता है कि सुबह से ही तालाब के किनारे लोग मौजूद थे, तभी अचानक पानी में शव को तैरते देखा गया।सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।शव मिलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मृतक की मौत तालाब में डूबने से हुई होगी, वहीं कुछ लोग किसी अनहोनी की संभावना भी जता रहे हैं।फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। इधर, घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी अचानक हुई इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।