उप विकास आयुक्त ने मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह में राष्ट्रव्यापी "स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार" अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 17, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
राष्ट्रव्यापी "स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार" अभियान के अवसर पर मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह में आयोजित कार्यक्रम का उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। मौके पर वरीय अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्यकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज की मजबूती की आधारशिला होती है। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं में जागरूकता, पोषण की स्थिति में सुधार, नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा देना तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है। महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, क्योंकि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज का निर्माण कर सकती है।
आगे उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि इस अभियान में गिरिडीह जिला बेहतर प्रदर्शन करेगा। इस अभियान में सबकी सकारात्मक भागीदारी और बेहतर समन्वय की आवश्यकता होगी। साथ ही सभी के सकारात्मक सहयोग और सफल प्रयास के माध्यम से ही हम इस अभियान में सफल होंगे। उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह विशेष अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर चिकित्सीय सुविधाएं प्रदान करना है। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ माहवारी स्वच्छता और मातृत्व से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श देगी।
साथ ही महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।वहीं सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रसव पूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वक्षता और मानसिक स्वास्थ जागरूकता गतिविधियों से मातृ, शिशु एवं किशोरियों को बढ़ावा देना है। मौके पर उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी महिलाओं से अपील की कि वे इस अभियान में भाग लेकर स्वास्थ्य जाँच अवश्य कराएं और दी जाने वाली परामर्श सेवाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। अभियान की सफलता हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।