गिरिडीह जिला में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर प्रशासन तैयार।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 24, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आगामी पर्व दुर्गा पूजा के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर आज नगर भवन में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव के द्वारा क्रमवार सभी अनुमंडल/प्रखंडों व थानों से जिले में दुर्गा पूजा विधि व्यवस्था से संबंधित तैयारी के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। जिसमें सभी अनुमंडल पदाधिकारी/सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व थाना प्रभारी के द्वारा बताया गया कि शांति समिति की बैठक पूर्ण किया जा चुका है। पूजा पंडाल समितियां के साथ भी बैठक किया जा चुका है। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। सहित अपने-अपने तैयारी के विषय में विस्तृत जानकारी दिया गया। इसके अलावा बैठक के दौरान समाज के गणमान्य नागरिकों ने जिला प्रशासन से दुर्गा पूजा के दौरान बिजली, पानी, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का अनुरोध किया। बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर माननीय उच्च न्यायालय और राज्य सरकार द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में विधि व्यवस्था संधारण हेतु आज की बैठक आयोजित की गई है।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाए। पंडालों में समुचित लाइट की व्यवस्था, एंट्री और एग्जिट के लिए समुचित रास्ते, पंडाल के समीप वाहन पार्किंग ना हो, इसका भी विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ पर भी विशेष रूप से निगरानी रखी जाए। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे भी अवश्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन वालो रूटों का भ्रमण कर लेंगे। दुर्गा पूजा के दौरान सभी पंडालों में हेल्प डेस्क, दूरभाष केंद्र जिसमें एम्बुलेंस, अग्निशमन, संबंधित क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी आदि का नंबर लिखा जाय। साथ ही नियमित बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगें। सभी पंडालों में फायर सेफ्टी और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही साउंड सिस्टम में सीमित साउंड का संधारण करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करें। इसके अलावा उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को दुर्गा पूजा की तैयारी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न थाना प्रभारियों एवं बीडीओ/सीओ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही गई। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने सूचना तंत्र मजबूत व सक्रिय रखे जाने की बात कही गई।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार के द्वारा बताया गया कि त्योहारों के दौरान पूरे शहर एवं जिले के हर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जिन थानों में अभी तक शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वो अपने यथाशीघ्र शांति समिति की बैठक करें। दुर्गा पूजा के मद्देनजर हमें सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देना होगी ताकि कोई अप्रिय घटना न घटित हो। इसके साथ ही जिला प्रशासन की नजर सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कंट्रोल रूम संचालित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगजनी जैसे अप्रिय घटनाओं से बचने हेतु पूजा समिति के सदस्यों को समुचित पानी एवं बालू आदि की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित करने को कहा। साथ ही अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी को भी इस प्रकार के अप्रिय घटनाओं से बचने हेतु पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार रहने हेतु निर्देशित किया गया।
उपस्थित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पूजा पंडाल के सदस्यों को अपने-अपने पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा निश्चित तौर पर अधिष्ठापित करने हेतु निर्देशित करने को कहा गया। आगे उन्होंने कहा कि सभी दंडाधिकारी अपने वरीय अधिकारियों के संपर्क में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, उप नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह जिला, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गिरिडीह जिला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, गिरिडीह जिला, प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा सहित शांति समिति के सदस्य और समाज के गणमान्य नागरिक के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित/कर्मी थे।