Type Here to Get Search Results !

महथाडीह के ग्रामीण पहुँचे सीसीएल जीएम कार्यालय। बिना अनुमति हो रहे हॉस्टल निर्माण कार्य रोकने की मांग//कहा, जमीन पर कोल आदिवासी, दलित परिवारों की पूर्वजों से निर्भरता, अन्यत्र हो निर्माण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

सीसीएल की कथित जमीन पर बसे गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र वार्ड नंबर 21 के महथाडीह के ग्रामीणों ने आज उनकी निर्भरता वाली जमीन पर प्रशासन द्वारा उनके लिखित विरोध के बावजूद जबरन लेडीज हॉस्टल बनाए जाने का विरोध करते हुए सीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय जाकर लिखित सूचना दी और तत्काल काम रोकने की मांग की है। इसके पूर्व ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की अगुवाई में ग्रामीण निर्माण स्थल पर भी गए और निर्माण करा रहे संवेदक के लोगों से भी अपनी समस्या बताते हुए काम को रोकने का आग्रह किया। लेकिन वे नहीं माने और उन्होंने प्रशासन तथा सीसीएल के आदेश से काम होने का हवाला दिया और काम को जारी रखा। इसके बाद सभी ग्रामीण महिला-पुरुष सीधा सीसीएल जीएम कार्यालय पहुंचे और वहां पार्टी नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव की अगवाई में लिखित शिकायत कर मौजूद अधिकारियों से बात की। सीसीएल की बिना अनुमति हो रहे काम को तत्काल रोकने की मांग की गई। सीसीएल परियोजना पदाधिकारी के नाम से दिए गए आवेदन की प्रति महाप्रबंधक गिरिडीह एरिया, सीएमडी दरभंगा हाउस रांची तथा उपायुक्त गिरिडीह को भी प्रेषित की गई है। मौके पर जहां मौजूद ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि, वे पूर्वजों से जिस जगह पर रहते आए हैं आज वहां की खाली जमीन, जिसमें अधिकांश जमीन उन्हीं लोगों की है, पर प्रशासन द्वारा जबरन सरकारी बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है।

इससे उनके लिए भारी मुसीबत हो जाएगी। अतः वे चाहते हैं निर्माण अन्यत्र कराया जाए। जमीन की कोई कमी नहीं है।इधर पूरे कार्यक्रम की अगवाई कर रहे पार्टी नेता श्री यादव ने कहा कि, पूर्व में भी इसे लेकर ग्रामीणों तथा संगठन की ओर से भी लिखित शिकायत उपायुक्त गिरिडीह को की गई है। लेकिन दुख की बात है कि जनता के हितों को नजरअंदाज कर एक तरह से जबरन वहां बिल्डिंग निर्माण का काम शुरू कर दिया गया। कहा कि, जमीन सीसीएल की बताई जा रही है, इसलिए इसमें सीसीएल की अनुमति भी आवश्यक है। लेकिन सीसीएल कार्यालय आने से पता चला कि कोई भी अनुमति या अनापत्ति यहां से निर्गत नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि, यदि कार्रवाई नहीं हुई तो अधिकारियों को न्यायालय का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। मौके पर मुख्य रूप से पार्टी नेता मनोज कुमार यादव, संतोष राय, विजय कोल, सिंटू दास, टीपू दास, सरजू कोल, अर्जुन दास, कोल्हा दास, जागेश्वर कोल, टूपलाल कोल, हरि दास, उमेश दास, विकास कोल, रीता देवी, पार्वती देवी, रोहनी देवी, बसंती देवी, गीता देवी, सोनिया देवी, नंदनी देवी, ममता देवी, हलिया देवी, रेखा देवी, अनिता देवी, जमुनी देवी, झलिया देवी, गुड़िया देवी, कौशल्या देवी, सुरजी देवी सहित काफी संख्या में महिला पुरुष मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.