दीपावली को लेकर गिरिडीह के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, दीये-मिठाई से लेकर पटाखों तक की जमकर खरीदारी।
SHIKHAR DARPANSaturday, November 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दीपावली को लेकर गिरिडीह शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। टावर चौक, कालीबाड़ी, मकतपुर, बरगंडा, बड़ा चौक और पदम चौक समेत प्रमुख बाजारों में शनिवार को खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री, सजावटी सामान, मिठाइयों और पटाखों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।इस बार दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। परिवार के साथ बाजार पहुंचे लोग पारंपरिक मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं युवाओं में इलेक्ट्रिक झालर, रंगीन लाइट, रंगोली और गिफ्ट आइटम की विशेष मांग रही।मिठाई दुकानों पर भी सुबह से ग्राहकों की भीड़ लगी रही। काजू बर्फी, रसगुल्ला, लड्डू और पेड़े की खूब बिक्री हुई। दुकानदारों ने त्योहारी मांग को देखते हुए विशेष तैयारियां की हैं।
इधर, शहर के झंडा मैदान में प्रशासन की अनुमति से पटाखा बाजार सजाया गया है। यहां दर्जनों स्टॉलों पर विभिन्न कंपनियों के पटाखे और फुलझड़ियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। शाम होते ही पटाखा बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई। पटाखों की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद बच्चों और युवाओं में खरीदारी को लेकर उत्साह बना रहा। फुलझड़ी, अनार और चकरी जैसे छोटे पटाखों की मांग अधिक रही, जबकि युवाओं ने रंगीन बम और रॉकेट में भी दिलचस्पी दिखाई।पटाखा बाजार में सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग की टीम अलर्ट रही। वहीं प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।गौरतलब है कि धनतेरस पर भी गिरिडीह जिले में करीब 250 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया था। दीपावली को लेकर बाजारों में बनी रौनक से व्यापारियों को त्योहारी सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।