Type Here to Get Search Results !

छठ घाटों की सफाई के बीच नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल, मेयर-डिप्टी मेयर के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह नगर निगम द्वारा शहर और विभिन्न छठ घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच मंगलवार सुबह बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मियों ने अचानक कार्य बहिष्कार कर दिया। इससे छठ पर्व की तैयारियों के बीच सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई।हड़ताल की सूचना मिलते ही मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार नगर निगम कार्यालय पहुंचे और आंदोलनरत सफाई कर्मियों से वार्ता की। इस दौरान कर्मियों को एक माह का बकाया वेतन जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया।

वार्ता के दौरान नगर निगम फंड और नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ के अवकाश पर रहने के कारण भुगतान प्रक्रिया को लेकर कुछ असमंजस की स्थिति बनी। हालांकि, मेयर ने व्यक्तिगत पहल करते हुए कर्मियों को भरोसा दिलाया कि हर हाल में मंगलवार को ही एक महीने का मानदेय उनके बैंक खातों में भेज दिया जाएगा। मेयर और डिप्टी मेयर के आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की सहमति जताई। इसके बाद शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख सड़कों और छठ घाटों पर सफाई अभियान फिर से शुरू हो गया। साथ ही घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी तेज कर दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.