Type Here to Get Search Results !

ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच निकली भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा, उमड़ा चित्रांश परिवार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह में चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर मंगलवार को भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गाजे-बाजे और भगवान चित्रगुप्त के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में चित्रांश परिवार के महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खासकर महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। केंद्रीय चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। इससे पूर्व पुराने जेल परिसर स्थित भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा की विधिवत आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं का कारवां ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ा। शोभायात्रा झंडा मैदान से निकलकर जेपी चौक, कालीबाड़ी चौक, मकतपुर चौक, बरगंडा चौक और महाराज जरासंध चौक होते हुए विवाह भवन पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। जगह-जगह भगवान चित्रगुप्त के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। मौके पर केंद्रीय चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति की संयोजक मंडली के चुन्नू कांत, प्रकाश सहाय, कृष्णा प्रसाद, पीके दत्ता, सतीश कुंदन, नवीन सिन्हा, शिवेंद्र सिन्हा, चंद्रमोहन प्रसाद, तनुजा सहाय, डॉ. पुष्पा सिन्हा, राजेश सिन्हा, संजीव नाथ धुल्लू, टिंकू, नीलू सिन्हा, प्रदीप जमुआर, जयशंकर सिन्हा सिंकु समेत समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस अवसर पर समाज के लोगों ने कहा कि इस बार शोभायात्रा में महिलाओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक रही। इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा ने गिरिडीह में आस्था, एकता और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.