कौशल विकास एवं रोजगार के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल।
SHIKHAR DARPANTuesday, November 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार एवं उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत प्रखंड परिसर, बगोदर में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक बगोदर नागेंद्र महतो सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख आशा राज, उपप्रमुख धीरेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेवियर एक्का, जिला प्रबंधक जॉब एंड स्किल आदित्य कुमार, जिला प्रबंधक इंटरप्राइजेज राकेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
डीडीयू-जीकेवाई जैसी योजनाएं युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गरीबी उन्मूलन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। रोजगार मेले में बगोदर, डुमरी, सरिया, बिरनी एवं धनवार सहित पांच प्रखंडों के युवक-युवतियों ने भाग लिया। मेले में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 14 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां अभ्यर्थियों का निबंधन, काउंसलिंग एवं चयन की प्रक्रिया संचालित की गई। इस दौरान 1460 से अधिक अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जबकि लगभग 264 युवक-युवतियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों के बीच मुख्य अतिथि विधायक नागेंद्र महतो के हाथों नियुक्ति पत्र का वितरण भी किया गया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा सरकारी कौशल विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस प्रकार के रोजगार मेलों से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार संबंधी जानकारी, मार्गदर्शन एवं विभिन्न कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेवियर एक्का ने स्वागत भाषण दिया। मंच संचालन JSLPS के फील्ड थीमैटिक कोऑर्डिनेटर जयप्रकाश वर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन बगोदर के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री कुणाल कुमार दास ने किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में JSLPS के प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों तथा संबंधित सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।