ई-केवाईसी कराना अनिवार्य, समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश।
SHIKHAR DARPANFriday, June 19, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र के सभी राशन कार्डधारियों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलरों को शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सभी लाभुकों का ई-केवाईसी कराया जाना आवश्यक है, ताकि खाद्यान्न योजना का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंच सके। ई-केवाईसी से राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा फर्जी लाभुकों पर अंकुश लगेगा।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए लाभुकों का ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों को भविष्य में राशन प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। उन्होंने सभी राशन कार्डधारियों से आधार कार्ड के साथ अपने नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर पहुंचकर शीघ्र ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।