निमियाघाट पुलिस की छापेमारी में ‘ईके नूर’ नाम से बिक रही नकली सिलाई मशीनें बरामद।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 16, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सिलाई मशीन बेचने के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में निमियाघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, नूर एंड संस सिलाई मशीन निर्माण कंपनी के फील्ड अधिकारी मिहिर मंडल ने थाना में आवेदन देकर बताया कि उन्हें गोपनीय सूचना मिली थी कि इसरी बाजार स्थित वर्णवाल हार्डवेयर का संचालक नवीन कुमार कंपनी के नाम से नकली सिलाई मशीन बेचने और सप्लाई करने का कार्य कर रहा है। आरोप है कि सस्ते और घटिया सामान बेचकर कंपनी की छवि खराब की जा रही थी, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था। साथ ही सरकार को टैक्स की भी क्षति पहुंचाई जा रही थी। आवेदन के आधार पर 13 मई 2026 को निमियाघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान से “ईके नूर” नाम अंकित आठ सिलाई मशीन बरामद की गई। जांच के दौरान संबंधित मशीनों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। कंपनी अधिकारी ने आरोप लगाया कि जानबूझकर “नूर” की जगह “ईके नूर” लिखकर ग्राहकों के बीच भ्रम पैदा किया जा रहा था। कंपनी की ओर से बरामद सामान को नकली बताते हुए ट्रेड मार्क और कॉपीराइट उल्लंघन का मामला बताया गया है। पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या 50/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 318(4), 349, 61(2), 103/104 के अलावा ट्रेड मार्क्स अधिनियम 1999 एवं कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज किया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इसरी बाजार में नकली मसाला और नकली कुरकुरे से जुड़े सामानों की बिक्री भी लंबे समय से जारी है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप है तथा लोगों ने पुलिस से आगे भी लगातार अभियान चलाने की मांग की है।