सलैया स्टेशन रोड की बदहाली पर फूटा आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANSunday, May 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सलैया रेलवे स्टेशन के बगल से गुजरने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। वर्षों से खराब पड़ी इस सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि छोटी-बड़ी गाड़ियां, स्कूल बस, बाइक, टोटो और ऑटो का आवागमन बाधित हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सामाजिक प्रतिनिधि राजेश सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जहां जानवर भी नहीं चल सकते, वहां जनता को चलने पर मजबूर किया जा रहा है।” उन्होंने जल्द ही इस मुद्दे पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। पूर्व सूचना के आधार पर रविवार को सलैया स्टेशन परिसर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब दो दर्जन जनप्रतिनिधि और युवा शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया ठाकुर दास ने की। इस दौरान प्रमोद कंधवे, पंचायत सचिव अविनाश कुमार, रवि प्रकाश, तुलसी राणा, आयुष, सुंदर पांडेय समेत अन्य लोगों ने सड़क की समस्या को गंभीर बताते हुए अपने विचार रखे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह एक सामाजिक मुद्दा है और सभी दलों के लोगों को मिलकर इसके समाधान के लिए आवाज उठानी होगी। प्रमोद कंधवे और ठाकुर दास ने एक सप्ताह तक प्रशासन की पहल का इंतजार करने की बात कही, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। युवा प्रतिनिधियों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोग अब न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर उतरने को मजबूर हैं। वहीं, रेलवे प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा गया कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई।राजेश सिन्हा ने बताया कि गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की सांसद व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को भी इस समस्या से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सैकड़ों लोग पुराना जमुआ मार्ग से पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन करेंगे, ताकि सरकार और जनप्रतिनिधियों तक आवाज पहुंचे। उन्होंने आम जनता से आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की। बैठक में राजेश राणा, महेंद्र राणा, सत्यम तरवे, विवेक भदानी, सिद्धार्थ कंधवे, अभिषेक कुमार, दीपक पांडेय समेत कई लोग मौजूद थे।