Type Here to Get Search Results !

धनवार में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप; पति समेत ससुराल वाले फरार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत गुवाखदर गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रजीना खातून के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल के घर में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जबकि पति समेत सभी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि रजीना की शादी करीब एक वर्ष पहले मिन्हाज अंसारी से हुई थी और शादी के बाद से ही उसे 50 हजार रुपये लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

रविवार सुबह जैसे ही रजीना की मौत की खबर उसके भाई सद्दाम अंसारी को मिली, वह परिजनों के साथ तुरंत ससुराल पहुंचा। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रजीना का शव घर में पड़ा है, लेकिन घर के सभी सदस्य गायब हैं। इतना ही नहीं, घर का सामान भी गायब मिला—पलंग, टीवी और बर्तन तक नहीं थे। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया, हालांकि समय रहते धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने मृतका के पति मिन्हाज अंसारी समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.