कुएं से मिला महिला का शव, गर्म पानी डालकर हत्या करने का आरोप।
SHIKHAR DARPANFriday, August 15, 2025
0
बगोदर,शिखर दर्पण संवाददाता।
बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा गांव में एक महिला का शव कुएं से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कोमल देवी (पति – राजेंद्र राम) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कोमल देवी की निर्मम हत्या की गई है। उनका कहना है कि पहले उन्हें गर्म पानी डालकर जलाया गया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर फफोले पड़ गए, और फिर सबूत मिटाने के इरादे से शव को कुएं में फेंक दिया गया।
मृतका के शरीर पर मिले जलने के निशान परिजनों के आरोपों की पुष्टि करते प्रतीत हो रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।