ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, 42 वर्षीय पुलिस जवान की हार्ट अटैक से मौत।
SHIKHAR DARPANMonday, May 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के न्यू पुलिस लाइन में तैनात 42 वर्षीय पुलिस जवान अखिलेश पासवान का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी असामयिक मौत से पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अखिलेश पासवान मूल रूप से पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो में किराये के मकान में रह रहा था। उनकी ड्यूटी समाहरणालय पपरवाटांड़ में लगी हुई थी। बताया जाता है कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घर पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद कुछ समय के लिए उनकी स्थिति सामान्य हो गई थी।
लेकिन अगली सुबह फिर से उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी रानी कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस विभाग के बीच भी शोक का माहौल बना हुआ है।