Type Here to Get Search Results !

रामनवमी पर्व को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को किया ब्रीफ, दिए जरूरी दिशा-निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने अनुमंडल कार्यालय सभागार डुमरी और बगोदर सरिया में दंडाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत ब्रीफिंग की। बैठक का उद्देश्य रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराना था। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने कहा कि उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि रामनवमी पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचने के लिए सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें।

बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्ग, पूजा स्थल, चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग तथा मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल तैयार रखने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाला जाएगा और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी को पालन करना होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, डीजे पर प्रतिबंधित गानों का प्रयोग नहीं करने तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी या गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है तथा सभी विभागों के आपसी समन्वय से रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी/बगोदर सरिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.