पीरटांड़ में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बराकर नदी में लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी।
SHIKHAR DARPANWednesday, November 05, 2025
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बराकर नदी के तटों पर उमड़ पड़ी। खासकर महिलाओं ने नदी में स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की और श्रद्धापूर्वक दान-पुण्य किया। प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बराकर नदी पहुंचे। स्नान-ध्यान के बाद श्रद्धालुओं ने बढ़कर धाम स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं, पालगंज स्थित श्री बंशीधर मंदिर में भी विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। साथी रात्रि में विशेष भंडारा का भी आयोजन किया गया। यहाँ सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दर्जनों लोगों ने विधिवत पूजा कर दीपदान और अन्नदान किया।गौरतलब है कि सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को वर्ष के सबसे पवित्र और शुभ दिनों में से एक माना जाता है। यह दिन भगवान विष्णु और भगवान कृष्ण की आराधना को समर्पित होता है। कार्तिक मास की पूर्णिमा को स्नान, ध्यान, दान और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। पूरे देश की तरह पीरटांड़ में भी यह पर्व धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया।