गिरिडीह में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, डीसी ने बच्चों को पिलाई पोलियो ड्रॉप्स।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 11, 2025
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले में रविवार से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, पिपराडीह से किया है। इस दौरान डीसी ने स्वयं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने डीसी रामनिवास यादव का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया। मौके पर पीरटांड़ बीडीओ मनोज मरांडी,सीओ ऋषिकेश मरांडी, पीरटांड़ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर शशिकांत प्रशाद,पंचायत की मुखिया कविता देवी एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया एवं अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।
अभियान के तहत जिले भर में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक दी गई। इसके बाद आगामी दिनों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और “दो बूंद ज़िंदगी की” अभियान को सफल बनाएं।