दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया गया।
SHIKHAR DARPANMonday, August 04, 2025
0
राँची,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड की राजनीति के पुरोधा, आदिवासी समाज की आवाज और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार को दिल्ली से रांची लाया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पहुंचा, भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग एयरपोर्ट के बाहर जुटे रहे।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाई बसंत सोरेन इस दौरान स्वयं मौजूद रहे। एयरपोर्ट से शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित उनके आवास ले जाया गया, जहां उसे आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। *मंगलवार को पार्टी कार्यालय और विधानसभा में दी जाएगी श्रद्धांजलि:- आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पार्टी कार्यालय ले जाया जाएगा, जहां कार्यकर्ता और पार्टी नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा लाया जाएगा, जहां सत्तापक्ष और विपक्ष के सभी नेता दिशोम गुरु को अंतिम विदाई देंगे।
*पैतृक गांव नेमरा में होगा अंतिम संस्कार:- श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के उपरांत उनका पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से बोकारो जिले स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा। वहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मौके पर राज्य सरकार के प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में आमजन की उपस्थिति की संभावना है। *राज्य में शोक की लहर:- शिबू सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। वे न केवल झारखंड आंदोलन के जननायक रहे, बल्कि आदिवासी अधिकारों की बुलंद आवाज के रूप में उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। राज्य के गठन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही, जिसे आने वाली पीढ़ियां कभी नहीं भूल सकेंगी।