मधुबन थाना क्षेत्र के तिरिलटांड हत्याकांड: सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 09, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मधुबन थाना क्षेत्र के तिरिलटांड गांव में आदिवासी दंपति की निर्मम हत्या के लगभग सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को मामले के उद्भेदन में कोई सफलता नहीं मिली है। न तो अब तक अपराधियों की शिनाख्त हो सकी है और न ही किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई है। मामले में लगातार हो रही देरी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों का कहना है कि घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा और नाराजगी की भावना बढ़ती जा रही है। ग्रामीण लगातार दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।
*घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस:- जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह मंगलवार की देर रात तिरिलटांड गांव में अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे आदिवासी दंपति पतिया हांसदा और परणी देवी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था तथा आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को नदी किनारे से एक गमछा बरामद हुआ था, जिसके बाद मामले की जांच में कुछ तेजी आई। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद सामान का घटना से क्या संबंध है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, लेकिन अपराधियों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिल सकी है।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया दौरा:- घटना के बाद क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। डुमरी विधायक जयराम महतो, पूर्व मंत्री पुत्र एवं झामुमो नेता राजू महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को न्याय दिलाने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके अलावा कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
*सामाजिक बैठक में उठी गिरफ्तारी की मांग:- मामले को लेकर सोमवार को तिरिलटांड गांव में एक बड़ी सामाजिक पंचायत का आयोजन किया गया। बैठक में आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों ग्रामीण, मांझी हड़ाम एवं समाज के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि घटना के छह-सात दिन बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिलना चिंता का विषय है। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में व्याप्त भय एवं आक्रोश का माहौल समाप्त हो। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।