Type Here to Get Search Results !

मोतीलाल बास्के का नौवां शहादत दिवस मनाया गया, ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

मधुबन पंचायत के ढोलकट्टा गांव निवासी मोतीलाल बास्के का नौवां शहादत दिवस मंगलवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में सादे समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उनकी पत्नी पार्वती देवी समेत ग्रामीणों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जानकारी के अनुसार, नौ वर्ष पूर्व पारसनाथ पहाड़ क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में मोतीलाल बास्के की मौत हो गई थी। घटना के बाद यह मामला काफी चर्चित रहा था और विभिन्न राजनीतिक दलों तथा स्थानीय लोगों ने इसे हत्या बताते हुए मोतीलाल बास्के को शहीद का दर्जा देने की मांग की थी।

तभी से ग्रामीण प्रत्येक वर्ष 9 जून को उनका शहादत दिवस मनाते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले शहादत दिवस पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे, लेकिन समय के साथ आयोजन का स्वरूप छोटा होता गया है। इसके बावजूद गांव के लोग हर वर्ष उनकी स्मृति में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। कार्यक्रम में प्रदीप किस्कू, राजेश किस्कू, जीसू किस्कू, पत्तिलाल मुर्मू, रूपलाल किस्कू, शिवलाल मरांडी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.