Type Here to Get Search Results !

तीन बेटियों की हत्या करने वाला पिता नंदू यादव जेल भेजा गया, हत्या के कारणों पर अब भी रहस्य बरकरार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अपनी तीन मासूम बेटियों की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पिता नंद किशोर यादव उर्फ नंदू यादव को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल जांच और न्यायालय में पेशी के बाद गिरिडीह जेल भेज दिया। मंगलवार को जब नंदू यादव को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया, तो उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तीन मासूम बेटियों की हत्या को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। जांच प्रक्रिया के तहत पहले मुफ्फसिल थाना में आरोपी के फिंगर प्रिंट लिए गए। इसके बाद सदर अस्पताल में उसके नाखूनों के नमूने भी संग्रहित किए गए, ताकि मामले से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके और जांच को मजबूत आधार मिल सके। इधर, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी को दिए गए फर्द बयान में आरोपी की पत्नी राधा देवी ने बताया कि उसके पति की मित्रता मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पूर्णा नगर निवासी भीम राणा और उसकी पत्नी गीता देवी से थी।

राधा देवी के अनुसार इस मित्रता को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था और नंदू यादव तथा भीम राणा साथ बैठकर शराब का सेवन भी करते थे। राधा देवी ने अपने बयान में बताया कि 7 जून को नंदू यादव पूरे दिन घर से बाहर था। कई बार फोन करने के बाद वह शाम को भीम राणा के साथ घर लौटा। दोनों ने साथ में भोजन किया, जिसके बाद भीम राणा अपने घर लौट गया। अगले दिन सुबह नंदू यादव ने अपनी तीनों बेटियों को पढ़ाई के बहाने कमरे में बुलाया और कथित रूप से धारदार हंसुआ से एक-एक कर उनकी गला काटकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस जांच के दौरान अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने अपनी ही तीन बेटियों की इतनी नृशंस हत्या क्यों की। पूछताछ में भी उसने हत्या के पीछे की वजह का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.