Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह वन विभाग की बड़ी पहल, ड्रोन की मदद से हाथियों के झुंड को सुरक्षित जंगल पहुंचाया गया।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत पीरटांड़ के दुधनिया गांव में सरिया क्षेत्र से पहुंचे हाथियों के झुंड को वन विभाग ने अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक, विशेष ड्राइव टीम, क्यूआरटी वाहन और ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाकों से निकालकर जंगल की ओर पहुंचाया। वन विभाग के अनुसार यह अभियान लगातार दो दिनों तक रातभर चलाया गया। इस दौरान मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के उद्देश्य से हाथियों के झुंड को पीरटांड़ के दुधनिया, कठवारा, कुम्हारलालो, नावाडीह, प्रतापपुर, पारसबनी, जंगो, बिशुनपुर, खेताडाबर और अंगिया होते हुए उनके प्राकृतिक कॉरिडोर की ओर ड्राइव किया गया।

वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि ने बताया कि हाल के दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में मानव-हाथी द्वंद की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हाथी समेत सभी जीव-जंतु पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं और उनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधि दिखने पर अफवाह फैलाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें तथा हाथियों के करीब जाने या उन्हें उकसाने से बचें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.