पायल कुमारी हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा।
SHIKHAR DARPANSunday, May 24, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में हुई पायल कुमारी हत्याकांड से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पीड़ित परिवार से मिलने सिरसिया गांव पहुंचे। इस दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा भी उनके साथ मौजूद रहीं।मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मृतका पायल कुमारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और घटना को बेहद दुखद एवं चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि 20 मई 2026 की सुबह सिरसिया पुराने पुल के नीचे युवती का शव बरामद होने की घटना ने पूरे गिरिडीह जिले को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है तथा पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। मंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस तरह की घटना सभ्य समाज के लिए कलंक है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को मामले की हर पहलू से जांच करने और साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं महापौर प्रमिला मेहरा ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि गिरिडीह की जनता इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गांव में अब भी मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई से ही अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा।इधर पुलिस प्रशासन भी मामले की जांच में जुटा हुआ है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ की खबर सामने आ रही है। हालांकि अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले पर जिलेवासियों की नजर बनी हुई है और लोग जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।