Type Here to Get Search Results !

27.5 करोड़ की जलापूर्ति योजना फेल, पानी के लिए तरस रहे लोग: राजेश यादव//30 मई को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष होगा “पानी दो आंदोलन”।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भीषण गर्मी के बीच सदर प्रखंड के बेरदोंगा समेत आसपास के चार पंचायतों में गहराए जल संकट को लेकर शनिवार को बेरदोंगा पंचायत भवन के समक्ष स्थानीय लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में करोड़ों रुपये की जलापूर्ति योजना के बावजूद लोगों को पानी नहीं मिलने पर भारी आक्रोश जताया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि 27.44 करोड़ रुपये की लागत से बनी पेयजल योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है। इस भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं, जबकि जनता से वोट लेकर सत्ता में पहुंचे विधायक, सांसद, मंत्री और संबंधित अधिकारी मौज में हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक महीने से लगातार इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और सत्याग्रह किया जा रहा है।

1 मई, 14 मई और 24 मई को भी ग्रामीणों ने अपनी आवाज बुलंद की, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब मजबूर होकर 30 मई को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष “पानी दो आंदोलन” किया जाएगा। बैठक की अगुवाई पार्टी नेता संजय चौधरी ने की। उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जल संकट की जानकारी देते हुए कहा कि करोड़ों की योजना के बावजूद लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। मौके पर बेरदोंगा पंचायत के मुखिया अर्जुन मरांडी और पूर्व मुखिया प्रतिनिधि बिरका हांसदा ने भी ग्रामीणों की समस्या पर चिंता जताते हुए आंदोलन का समर्थन किया। बैठक में मौजूद लोगों ने एक स्वर में 30 मई को होने वाले आंदोलन में शामिल होने का ऐलान किया। बैठक में मुख्य रूप से मनोज यादव, द्वारिक कोल, रियाज अंसारी, संतोष राय, भीमलाल पंडित, पूरन कोल, राजकुमार कोल, श्यामलाल कोल, राजू कोल, भुनेश्वर कोल, रामेश्वर कोल, कुंती देवी, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.